बिहार: मुजफ्फरपुर में एक प्राइवेट अस्पताल में गुरुवार सुबह अचानक आग लग गई। हादसे में 4 मरीजों की मौत हो गई जबकि 20 से ज्यादा मरीज बुरी तरह झुलस गये, जिन्हें आसपास के अस्पतालों भर्ती कराया गया है।
आग की लपटें और धुंआ उठते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। अस्पताल कर्मचारियों और आसपास के स्थानीय निवासियों ने तुरंत खिड़कियां तोड़कर घायल मरीजों को बाहर निकाला। उनकी इस मुस्तैदी की वजह से कई जिंदगियां बचाई जा सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू वार्ड से शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाकर लोगों को अस्पताल से निकाला।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने इस हादसे पर दुख प्रकट किया। साथ ही अस्पताल में आग की वजह से मरने वाले लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा राशि देने का ऐलान किया है।









