देहरादून: साल 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर सरगरमियाँ तेज़ हो गई हैं। एक तरफ जहां कांग्रेस ने आज से उत्तराखंड न्याय यात्रा की शुरूवात की है वहीं बीजेपी ने भी ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ निकालने का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि कांग्रेस की यात्रा के जवाब में भाजपा ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ शुरू करेगी। इस यात्रा के माध्यम से भाजपा जनता के बीच जाकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर अपना पक्ष रखेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज 22 अक्टूबर गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला किया। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस ने देश में करीब 60 साल तक शासन किया है, लेकिन आज वही पार्टी जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘लोकतंत्र बचाओ यात्रा’ के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 22 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रदेशभर में दो चरणों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी। प्रथम चरण 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तथा द्वितीय चरण 11 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित होगा। इस दौरान प्रदेश के सभी 13 जनपदों में पदयात्राओं और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच पहुंचकर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों को लेकर भी धामी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिस चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है, उसी चुनाव आयोग के तहत हुए चुनावों में कांग्रेस को जीत भी मिली है।
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस की न्याय यात्रा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी न्याय यात्रा निकाल चुकी है और जनता इस बात को जानती है कि उस यात्रा के दौरान किस तरह की परिस्थितियां बनी थीं।
धामी ने कांग्रेस की यात्रा को लेकर कहा कि केवल यात्राएं निकालने और राजनीतिक नारे देने से जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके हितों के लिए काम करना जरूरी है।







