पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर उग्र भीड़ द्वारा हमला किया गया है। यह घटना उस समय हुई जब वे दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर कमराबाद इलाक़े में चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ित कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे थे। तभी गुस्साई भीड़ ने उन पर हमला कर दिया।
जैसे ही अभिषेक बनर्जी पीड़ित परिवार के घर के पास पहुंचे, प्रदर्शनकारियों और स्थानीय लोगों की उग्र भीड़ ने उन्हें घेर लिया। भीड़ ने उनके खिलाफ “चोर-चोर” के नारे लगाए। भीड़ ने उन पर लात-घूसे और थप्पड़ चलाए, उनकी शर्ट फाड़ दी और उनका चश्मा भी तोड़ दिया। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने उन पर कच्चे अंडे, जूते-चप्पल और ईंट-पत्थर फेंके।
हालात ख़राब होने पर उनके सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें हेलमेट पहनाया जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आने से बच गई, हालांकि ईंट लगने से उनकी आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं।
अभिषेक बनर्जी ने इसे भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रायोजित और सुनियोजित हमला बताया है। उन्होंने मौके से स्थानीय पुलिस के गायब होने और जानबूझकर सुरक्षा न देने का गंभीर आरोप लगाया।









