देहरादून: उत्तराखंड दौरे में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ की।नितिन नवीन धामी के नेतृत्व एवं राज्य सरकार के कार्यों से काफी प्रभावित और संतुष्ट नजर आए।शनिवार को देहरादून में उन्होंने खुले मंच से धामी सरकार की कार्यशैली और विकास कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास कार्य सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। सरकार ने कई ऐसे निर्णय लिए हैं, जिन्होंने पूरे देश का ध्यान आकर्षित किया है।
नितिन नवीन ने विशेष रूप से UCC लागू करने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा मातृशक्ति के सम्मान, महिला अधिकारों और सामाजिक समानता की दिशा में उत्तराखंड ने पूरे देश को नई दिशा देने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साहसिक नेतृत्व का परिचय देते हुए ऐसे निर्णय लिए हैं, जो आने वाले समय में देश के लिए मॉडल साबित होंगे। उनके नेतृत्व में गंगा मैया के आशीर्वाद से 2027 में उत्तराखंड में तीसरी बार सरकार बनेगी।
उन्होंने चारधाम यात्रा के सफल संचालन, आधारभूत संरचना विकास, पर्यटन विस्तार और जनहित से जुड़े कार्यों की भी सराहना की। साथ ही कहा कि उत्तराखंड में विकास और सुशासन का जो मॉडल तैयार हो रहा है, वह जनता के बीच भाजपा के प्रति विश्वास को और मजबूत कर रहा है।









