देहरादून: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान को लेकर उत्तराखंड में सियासत तेज हो गई है। सीएम धामी ने अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने वाले बयान पर कड़ा एतराज़ जताया है। सीएम धामी ने कहा कि अखिलेश यादव का उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना देवभूमि के स्वाभिमान और हमारे संघर्ष का अपमान है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। वहीं इसी बहाने सीएम धामी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि क्या कांग्रेस अपने राजनीतिक सहयोगी अखिलेश यादव के इस बयान का समर्थन करती है? क्या उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना कांग्रेस को स्वीकार है? कांग्रेस को देवभूमि की जनता को जवाब देना चाहिए।
सीएम धामी ने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोग यह भी नहीं भूले हैं कि जब अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उत्तराखंड राज्य की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा में गोलियां चलाई गई। उस दौरान आंदोलनकारियों पर अत्याचार हुआ था।
उन्होंने कहा कि, “पिता के शासनकाल में उत्तराखंड के आंदोलनकारियों पर गोलियां चलीं और आज पुत्र उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कह रहे हैं। उत्तराखंड के लोग अपने संघर्ष और बलिदान को कभी नहीं भूल सकते।









