लखनऊ: सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से जुड़ने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से कहा कि ईंधन की खपत कम करें और अनावश्यक सोने की खरीद न करें।इसके अलावा योगी ने अपने मंत्रियों के काफिले में 50% की कटौती का फैसला किया है।
सीएम योगी ने ऐलान किया है कि पेट्रोल डीजल की खपत कम करने की कोशिश सरकार की तरफ से शुरू होगी, वो खुद मुख्यमंत्री के काफिले की गाडियों में 50 परसेंट की कटौती करेंगे। योगी ने अपनी सरकार के मंत्रियों को भी निर्देश दिया है कि वो अपने काफिले की आधी गाडियों को वापस कर दें।
सीएम योगी ने मुख्य सचिव, डीजीपी, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव की बैठक में निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री व मंत्रियों आदि की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी की जाए। काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए।
साथ ही सीएम योगी ने प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम को भी प्राथमिकता देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक साइकिलिंग शेयरिंग योजना को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अगले छह माह तक गैर आवश्यक विदेशी यात्राएं न करें।









