कच्छ: गुजरात के कच्छ में 21 नवंबर की रात खावड़ा-भुज हाईवे पर हुए एक्सीडेंट में एक आर्मी परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार अपनी कार से खावड़ा से भुज जा रहा था, तभी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। प्रधानमंत्री ने भी इस घटना पर दुख जताया है।
उत्तराखंड का एक आर्मी परिवार घूमने के लिए कच्छ आया था। शनिवार को वे भुज लौट रहे थे, तभी खावड़ा-भुज हाईवे पर उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह से तबाह हो गई। हादसे में तीन बच्चों, दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी और उनकी 3 महीने की बच्ची शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और लिखा, कच्छ में हुए हादसे में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड से 2 लाख रुपए की मदद दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे’।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए हादसे में मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने लिखा,
‘गुजरात के कच्छ में हुई हृदयविदारक दुर्घटना में कई लोगों के असमय काल-कवलित होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत जनों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को संबल एवं धैर्य प्रदान करें’।








