नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति को लेकर गहरे सवाल उठाए और केंद्र सरकार से मांग की कि वह देश के आर्थिक हालात की पूरी और सही जानकारी जनता के साथ साझा करे। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को यह जानने का पूरा हक है कि भारत की अर्थव्यवस्था किस दिशा में जा रही है और आने वाले समय में उन्हें किन चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।
पीएम मोदी की अपील पर केजरीवाल ने कहा कि ये सामान्य सुझाव नहीं हैं, बल्कि इस बात का संकेत हैं कि देश की अर्थव्यवस्था कहीं न कहीं बड़े दबाव में हैं । उन्होंने अंदेशा जताया कि आने वाले समय में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
उन्होंने कहा कि यदि देश के सामने कोई बड़ा संकट है और उसके लिए कठिन फैसले लेने या त्याग करने की जरूरत है, तो देशवासी कभी पीछे नहीं हटेंगे। लेकिन, इसके लिए सरकार को ईमानदारी से सच बताना होगा। जनता को यह पता होना चाहिए कि आखिर इन पाबंदियों और अपीलों की आवश्यकता क्यों पड़ रही है।
केजरीवाल ने कहा कि देश की आर्थिक मजबूती केवल कागजी नीतियों से नहीं आ सकती। इसके लिए सरकार और जनता के बीच गहरा तालमेल और भरोसा होना जरूरी है।









