नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये ‘विकास सहयोग पैकेज’ देने का ऐलान किया है। यह ऐलान भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र बालेन शाह के साथ द्विपक्षीय बैठक और संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया गया।
पीएम मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में काठमांडू के साथ मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने कहा, “हमारा इरादा होगा कि प्रभावित परिवारों की जिंदगी पटरी पर लौट आए, नए मौके बनें, और भविष्य में आने वाली मुसीबतों से निपटने की नेपाल की क्षमता भी और मज़बूत हो।”
पीएम मोदी ने कहा, “भारत हमेशा से एक मजबूत और खुशहाल नेपाल की विकास यात्रा में साथी रहा है। इसी भावना के साथ, आज हमने अपने रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कई जरूरी फ़सले लिए हैं।”
रविवार को नई दिल्ली पहुंचे बालेंद्र शाह का स्वागत करते हुए पीएम मोदी ने उनके नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में संयुक्त राष्ट्र को संबोधित करते समय शाह के विजन की स्पष्ट झलक मिली थी। दोनों देशों के संबंधों को “करीबी नातेदारी और अटूट भरोसे” पर टिका बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल सुख-दुख और प्रगति के सच्चे साझेदार हैं।








