पटना: बिहार में सम्राट चौधरी की कैबिनेट का विस्तार आज यानि गुरुवार को हो गया। नए 32 मंत्रियों ने शपथ ले ली है. इसमें बीजेपी कोटे से 15 तो जेडीयू के कोटे से 13 मंत्री बनाए गए हैं।खास बात यह है कि इनमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली है।
पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नई टीम तैयार हो गई। मंत्रिमंडल विस्तार में कुल 32 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इसमें बीजेपी के 15 और JDU से 13 नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। इसके अलावा सहयोगी दलों के नेताओं को भी जगह दी गई है। लोजपा (रामविलास) से 2, HAM और RLM से एक-एक मंत्री शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। नए मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को मौका मिला है, जबकि सामाजिक और जातीय संतुलन साधने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
मंत्रिमंडल में भारतीय जनता पार्टी की ओर से इस बार अनुभव और क्षेत्रीय समीकरणों को प्राथमिकता दी गई है, जिसमें दिलीप जायसवाल, विजय कुमार सिन्हा, राम कृपाल यादव, प्रमोद चंद्रवंशी और लखेंद्र पासवान जैसे कद्दावर नेताओं को जगह मिली है। इनके साथ ही संजय सिंह टाइगर, रमा निषाद, नीतीश मिश्रा, केदार गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, नंद किशोर राम, शैलेन्द्र कुमार, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह शामिल हैं।
जेडीयू में सबसे अधिक चर्चा नए चेहरों की है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीतिक एंट्री ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। उनके साथ शिवहर से विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता और बुलो मंडल के रूप में नए नेतृत्व को मौका दिया गया है। वहीं, पुराने और भरोसेमंद चेहरों में श्रवण कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत, सुनील कुमार, शीला मंडल, रत्नेश सदा, जमा खान और अशोक चौधरी पर मुख्यमंत्री ने एक बार फिर भरोसा जताया है।
पीएम मोदी मंत्रिमंडल विस्तार समारोह में शामिल होने के लिए पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। शपथ ग्रहण समारोह से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक एक विशाल रोड शो किया। करीब 8 किलोमीटर लंबे इस सफर में सड़कों के दोनों ओर हजारों की भीड़ ने पीएम का स्वागत किया।









