नई दिल्ली: दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर बड़ा आरोप लगाया है। प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल की तुलना फिल्म धुरंधर के रहमान डकैती से की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोधी एस्टेट में केजरीवाल को जो बंगला आवंटित हुआ, उसकी तस्वीरें देखकर सभी हैरान हैं।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि लोधी एस्टेट वाले सरकारी आवास में केजरीवाल ने खूब खर्च किया है। उन्होंने कहा कि यह सरकारी घर है लेकिन इसमें सरकारी पैसा नहीं लगा है। प्रवेश वर्मा ने कहा कि जब पहले शीशमहल के खर्च को लेकर सवाल उठे तो केजरीवाल ने दावा किया था कि यह पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर ने खर्च किया था और उन्हें इसकी जानकारी भी नहीं है लेकिन अब वह नए घर को लेकर ऐसा दवा नहीं कर सकते हैं।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि “आम आदमी पार्टी को ‘अलीशान आदमी पार्टी’ होना चाहिए। क्या केजरीवाल हमें बताएंगे कि लोधी रोड बंगले या नए शीशमहल में कितना पैसा लगाया गया है? पैसा कहां से आया और किसका है? क्या यह सच नहीं है कि आपकी लालच के कारण आपकी आम आदमी पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता आपकी पार्टी छोड़ रहे हैं। बार-बार ऐसा शीशमहल बनाने की क्या जरूरत है? इस शीश महल में किस कंपनी का पैसा लगा है? यह उनके पूरे घर का खाका है। जिस तरह से उन्होंने हर कमरे पर इतना दिमाग खर्च किया, अगर उन्होंने उतना ही समय दिल्ली के मामलों में लगाया होता, तो शायद आज उनके कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी नहीं छोड़ रहे होते।”
प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर पंजाब में ‘दूसरा शीशमहल’ बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में चार बड़े सरकारी घरों पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं अरविंद केजरीवाल, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया का कब्जा है। उन्होंने कहा कि इन आवासों का इस्तेमाल कर एक और ‘शीशमहल’ जैसा सेटअप तैयार किया गया।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि अन्ना आंदोलन, महात्मा गांधी और शहीद भगत सिंह की छवि का इस्तेमाल कर सत्ता में आई पार्टी अब अपने मूल सिद्धांतों से भटक गई है।









