चमोली: विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और विधि विधान से खोल दिए गए हैं। भगवान बदरी विशाल के कपाट सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर 6 महीने के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। इस मौके पर बदरीनाथ मंदिर को करीब 20 क्विंटल फूलों से सजाया गया। इस मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।
कपाट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर ‘जय बदरी विशाल’ के जयकारों से गूंज उठा। इस मौके पर हजारों लोग कपाट खुलने के साक्षी बने। जो भगवान बदरी विशाल के दर्शन और खास पल के साक्षी बन कर खुद को भाग्यशाली मानते दिखे। कपाट खुलते ही भक्तों की लाइन दर्शनों के लिए लग गई हैं। खुद सीएम धामी बदरीनाथ में मौजूद थे।

वहीं अब बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 पूरी तरीके से सुचारू हो गई है। सबसे पहले यानी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए थे। उसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट भी खोले गए। और आज बदरीनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए। इसके साथ ही अब आस्था, भक्ति और श्रद्धा से जुड़ा चारधाम यात्रा का आगाज हो गया है।









