मयूरेश्वर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग बम और गोलियों का जवाब वोट से देंगे और विधानसभा चुनाव में भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार बनाएंगे।
बीरभूम जिले के मयूरेश्वर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि बीजेपी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद राज्य में ‘माफिया राज खत्म’ कर देगी।उन्होंने कहा, ‘बंगाल के लोगों ने ममता बनर्जी सरकार को अलविदा कहने का फैसला कर लिया है. वे बम और गोलियों का जवाब वोट से देंगे।
मुख्यमंत्री पर राज्य के ज्यादातर समुदाय को डराने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह विधानसभा चुनाव बंगाल और देश के बाकी हिस्सों से घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए है. शाह ने पूछा, ‘दीदी, हम सदियों से यहां रह रहे हैं।आप हमें डराने वाली कौन होती हैं.’ उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के राज में मुर्शिदाबाद में दंगे हुए, राम नवमी के जुलूस पर हमले हुए और कुछ जगहों पर सरस्वती पूजा नहीं करने दी गई।
पिछले 15 सालों से राज्य पर राज कर रही तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को बम और गोलियों का गोदाम बना दिया है। गृह मंत्री ने कहा, ‘मैं टीएमसी के गुंडों से कहना चाहता हूं कि वे चुनाव के दिन घर पर रहें, नहीं तो, 4 मई के बाद उन्हें जेल भेज दिया जाएगा.’ उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त केंद्रीय बल भेजे हैं।
शाह ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर बाड़ लगाने के लिए राज्य में कई जगहों पर सीमा सुरक्षा बल को जमीन नहीं दी है। उन्होंने कहा कि यहां बीजेपी की सरकार बनने के बाद 45 दिनों के अंदर इस काम के लिए जमीन दे दी जाएगी।










