अमेरिका और इजराइल के हमलों के बीच ईरान ने बड़ा फैसला लेते हुए दिवंगत आयतुल्लाह अली खामेनेई के बेटे मुजतबा अली खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर चुना है. ईरान के प्रेस टीवी ने एक्स पोस्ट में यह जानकारी दी. पोस्ट में कहा गया, “ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने आयतुल्लाह सैयद मुजतबा खामेनेई को इस्लामिक रिपब्लिक का नया लीडर नियुक्त किया है.”
मुजतबा, अली खामेनेई के दूसरे नंबर के बेटे हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने ईरानियों से एकता बनाए रखने और मुजतबा खामेनेई के साथ खड़े होने की अपील की है.
मुजतबा खामेनेई को सुप्रीम लीडर चुने जाने के बाद पूरे ईरान में जश्न का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और अपनी खुशी का इजहार किया. IRGC और आर्म्ड फोर्सेज के जनरल स्टाफ ने मुजतबा खामेनेई को समर्थन दिया है.
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर के तौर पर आयतुल्लाह मुजतबा खामेनेई की नियुक्ति पर कोई औपचारिक बयान देने से मना कर दिया है. उन्होंने बस इतना कहा, “देखते हैं क्या होता है.”
इससे पहले, ट्रंप ने कहा था कि मुजतबा खामेनेई एक “हल्के” और “अस्वीकार्य” कैंडिडेट हैं.
राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने मुजतबा खामेनेई का स्वागत किया
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स द्वारा मुजतबा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर चुनने के फैसले का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि मुजतबा खामेनेई की नियुक्ति देश के लिए ‘गरिमा और ताकत के नए दौर’ की शुरुआत है. फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पेजेश्कियान ने एक बयान में कहा, “यह अहम चुनाव इस्लामिक देश की राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की इच्छा का सबूत है; एक ऐसी एकता जिसने एक मजबूत रुकावट की तरह ईरान को दुश्मनों की साजिशों का सामना करने लायक बनाया है.”










