अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज नौवां दिन है। इस बीच इजराइल ने ईरान में तेल भंडार से जुड़े ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए हैं।इजराइल ने ईरान के 30 फ्यूल टैंकों और कई तेल डिपो को निशाना बनाया है। अमेरिका के साथ मिलकर किए गए हमलों में दर्जनों तेल भंडार खाक हो गए हैं।
इजरायल ने तेहरान के तेल के भंडारों को निशाना बनाया है। इससे ईरान की घरेलू सप्लाई पर बड़ा असर पड़ सकता है। जानकारों का कहना है कि अमेरिका और इजरायल ईरान की कमर तोड़ने पर तुले हैं जिससे उसे सरेंडर करना पड़े। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका और इजरायल ने दर्जनों तेल के टैंकों पर हमला किया है।
इस तरह के हमले से ईरान में लॉजिस्टिक, यातायात और इलेक्ट्रिसिटी का संकट पैदा हो सकता है। जानकारी के मुताबिक शहर-ए रे रिफाइनरी कॉम्प्लेक्स में बड़ा हमला किया गया है। तेहरान में एक तेल भंडारण सुविधा के ऊपर आग की लपटों के गुबार उठते दिखाई दिए और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सप्ताह भर से जारी युद्ध के अगले चरण में ”कई आश्चर्यजनक कदम उठाए जाने” की चेतावनी दी।
ईरान और इजरायल के बीच हालात हर बीतते समय के साथ और खराब होते जा रहे हैं। आपको बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ही इस बात की घोषणा कर दी थी कि ईरान पर आज की रात बड़ा हमला होने वाला है. उन्होंने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा था कि वो उसकी हालत नरक से भी खराब कर देंगे. ट्रंप की इस चेतावनी पर ईरान ने भी जवाब दिया था. ईरान के रक्षा मंत्री ने अमेरिका को चेताते हुए कहा था कि अगर ईरान पर कोई बड़ा हमला हुआ तो तेहरान इसका करारा जवाब देगा.










