सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का किया ऐलान, तो बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन? CM पद की रेस में सम्राट चौधरी का नाम आगे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना:  बिहार में मुख्यमंत्री बदलने जा रहा है. क्योंकि CM नीतीश कुमार ने अपने राज्यसभा जाने का ऐलान कर दिया है. जेडीयू के सूत्रों के मुताबिक वो 10 अप्रैल तक सीएम रहेंगे. ऐसे में अब निशांत कुमार को लेकर कुछ बड़ा ऐलान हो सकता है. सवाल ये भी है कि अगर नीतीश राज्यसभा जाते हैं तो बिहार का अगला सीएम कौन होगा?. इधर, गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन राज्यसभा के लिए नामांकन करेंगे, जिसमें शामिल होने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह पटना पहुंच चुके हैं और उन्होंने सीएम नीतीश कुमार से भी मुलाक़ात की है.बता दें कि गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन का आखिरी दिन है

नीतीश कुमार के ऐलान से जदयू कार्यकर्ताओं में रोष

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा जताए जाने के बाद जदयू के कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष फैल गया है. मुख्यमंत्री आवास के बाहर जुटे प्रदर्शनकारी जदयू कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने की मांग की. एक कार्यकर्ता ने कहा, “ये दुखद है. जो नीतीश कुमार छात्र आंदोलन से लेकर आज तक बिहार की जनता की सेवा करते रहे… बिहार की जनता उन्हें अपना परिवार मानती है. नीतीश कुमार के अलावा दूसरा कोई यहां मुख्यमंत्री नहीं हो सकता है. हम चाहते हैं कि नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री बने रहें.”

CM आवास के बाहर लगे ‘जयचंद होश में आओ’ के नारे

इस बीच, मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आवास के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है. इधर कार्यकर्ता ‘जयचंद होश में आओ’ के नारे लगा रहे हैं.

CM आवास के बाहर कार्यकर्ताओं का हंगामा जारी है. कार्यकर्ता नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं. जेडीयू नेता संतोष कुशवाहा का कहना है कि नीतीश कुमार को राज्यसभा नहीं जाना चाहिए. वहीं जेडीयू कार्यकर्ता मनोज कुशवाहा ने आरोप लगाया कि, नीतीश कुमार के साथ साजिश की जा रही है, जो बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

उधर राजद नेता मनोज कुमार झा ने CM के ट्वीट पर कहा कि, “तमाम बातें अपनी जगह, ये नीतीश कुमार की भाषा नहीं है. विरोध और समर्थन दोनों में हम उनके साथ रहे हैं. ये ट्वीट दिल्ली में लिखा गया है. कितना बचकाना लगता है ये सुनना भी… ये कोई बात हुई? सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मैं राज्यसभा में जाना चाहता हूं… इसकी गूंज कई वर्षों तक रहेगी… हम(राजद) राजनीतिक तौर पर संघर्ष करेंगे… बिहार की धरती में इस तरह के प्रयोग महाराष्ट्र की तरह सफल हो जाएंगे, इसकी मुझे शंका है.”

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial