CM धामी का चम्पावत दौरा: रणकोची धाम को दी ₹17014.89 लाख की परियोजनाओं की सौगात, रणकोची मंदिर में की पूजा-अर्चना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टनकपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत स्थित पावन माता रणकोची मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की तथा मंदिर परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर क्षेत्रीय जनता से सीधे संवाद किया। मुख्यमंत्री धामी ग्राम रियासी,बमनगाँव, तोक- खेत (चम्पावत) में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में सम्मिलित हुए तथा माता रणकोची मंदिर परिसर में आयोजित कलश यात्रा में भाग लेकर पूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री “संस्कृति संवर्धन पहल” के अंतर्गत जनपद चम्पावत के ऐतिहासिक मंदिरों के पुजारियों को “कला, परंपरा और पहचान” किट वितरित की, जिसमें वाद्य यंत्र, धार्मिक पुस्तकें, पूजा सामग्री एवं अन्य सांस्कृतिक सामग्री शामिल थीं। इस पहल का उद्देश्य नशा मुक्त भारत एवं नशा मुक्त देवभूमि के संकल्प को साकार करना है। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने माता रणकोची मंदिर परिसर से जनपद चम्पावत में कुल ₹17014.89 लाख की लागत की 20 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इनमें ₹3395.05 लाख की लागत से 9 योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनमें घटोत्कच मंदिर परिसर में बाहरी दीवार, दो कक्षों का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, लोहाघाट रामलीला मैदान के समीप सांस्कृतिक मंच निर्माण, सैनिक विश्राम गृह टनकपुर, श्री पूर्णागिरी धाम टुन्यास में पार्किंग निर्माण, रीठा साहिब चम्पावत में कार पार्किंग, लफड़ा–स्यूली–बुडाखेत मोटर मार्ग, पचेश्वर क्षेत्र के खिड़ी गाँव से धौनी शिलिंग मोटर मार्ग, लोहाघाट क्षेत्र के कालशन ठोठा से बनोली सुदरका व ठांठा मोटर मार्ग तथा मरोडाखान से एबटमैन्ट मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण शामिल है।

इसी क्रम में ₹13619.84 लाख की लागत से 11 योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिनमें बिरगुल से कैन्यूडा तक ग्रामीण मोटर मार्ग, रमैला से बालेश्वर मोटर मार्ग, राउमावि दयारतोली में दो कक्ष निर्माण, पंथ्युड़ा में सरयू तट पर ग्लेम्पिंग साइट, पूर्णागिरी तहसील राजस्व भवन, टनकपुर में नवीन राज्य अतिथि गृह, ग्राम पंचायत नायकगोठ के किरोड़ा नाले पर 480 मीटर व 120 मीटर लंबे पुल, पल्यों कलजाख से अमोडा मोटर मार्ग, बनबसा ग्रामीण क्षेत्रों में 10 किमी आंतरिक सड़क सुधार, कालसन भोलेश्वर क्षेत्र में निर्माण कार्य तथा रणकोची मंदिर का पर्यटन की दृष्टि से पुनर्निर्माण कार्य शामिल है।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व मे जनपद चम्पावत की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का मूल मंत्र “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” है। जनपद चम्पावत में न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में जनसमस्याओं का समाधान हुआ है और पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ मिला है।

वहीं कांग्रेस पर हमला करते हुए सीएम ने कहा कि “हमारी सरकार मंदिरों और संस्कृति के संरक्षण की बात करती है, लेकिन कांग्रेस को इसमें धन की बर्बादी लगती है। जब तक मुझे आप सभी का आशीष मिलता रहेगा तब तक मैं उत्तराखंड की संस्कृति को भव्य और दिव्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहूंगा”

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial