काशीपुर:कांग्रेस उत्तराखंड सरकार को घेरने का कोई भी मौका छोड़ना नहीं चाहती. इन दिनों किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या का मामला गरमाया हुआ है. भले ही मामले में मजिस्ट्रेट जांच के आदेश हो चुके हैं. साथ ही आईटीआई थाना प्रभारी समेत दो पुलिस कर्मियों निलंबन की कार्रवाई की जा चुकी है. इसके अलावा पैगा पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है, लेकिन कांग्रेस पूरे मामले में सरकार और पुलिस को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है. इसी सिलसिले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या किसान सुखवंत के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी.
बता दें कि बीती 10-11 जनवरी की रात काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह ने वित्तीय धोखाधड़ी से परेशान होकर हल्द्वानी के एक होटल में आत्महत्या कर ली थी. आत्महत्या से पहले सुखवंत ने एक वीडियो भी बनाया था. साथ ही एक नोट भी छोड़ा था. जिसमें उसने कुछ प्रॉपर्टी डीलर और उधम सिंह नगर के पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे. इतना ही नहीं आईटीआई थाने के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों समेत अन्य लोगों पर उत्पीड़न का आरोप भी लगाया था. जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था.
मामले ने तूल पकड़ा तो सीएम धामी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए. जिसकी जांच कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत कर रहे हैं.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने पैगा गांव पहुंचकर मृतक सुखवंत सिंह के परिवार को सांत्वना दी. इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से मृतक के परिवार के साथ है. सुखवंत सिंह के परिवार को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक पूरा प्रयास करेगी.
गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस ने सुखवंत के पिता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है. कांग्रेस पूरी निष्ठा, मेहनत और ताकत के साथ न्याय दिलाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने उधम सिंह नगर के आला अधिकारियों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को इस पर भी जवाब देना चाहिए कि उनके सबसे चहेते अधिकारी इस कृत्य में लिप्त हैं, ऐसे में प्रदेश कैसे आगे बढ़ेगा?










