अलीगढ़: अलीगढ़ पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के थाना बन्ना देवी क्षेत्र में एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. सेक्स रैकेट का धंधा होटलों में चल रहा था. पुलिस ने मंगलवार को स्काईवे और मैराकी होटल से छापामारी कर 15 लोगों को गिरफ्तार किया है. जिनमें आठ पुरुष और सात युवती शामिल हैं.
पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान दोनों होटलों से कई लोग आपत्तिजनक हालत में पाए गए. मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई. जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि चौहान कॉम्प्लेक्स में स्थित स्काईवे होटल और मैराकी होटल में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं. सूचना की पुष्टि के बाद योजना बनाकर छापा मारा गया. जिसमें सामने आया कि दोनों होटलों में व्यावसायिक रूप से देह व्यापार कराया जा रहा था.
पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क का मुख्य अभियुक्त रविंद्र है. स्काईवे और मैराकी होटल रविंद्र और राहुल के बताए जा रहे हैं, जबकि शुभम शर्मा इन होटलों में पार्टनर है. पुलिस का कहना है कि ये तीनों होटल के मालिक हैं और बाकी गिरफ्तार आरोपी इनके सहयोगी के तौर पर काम कर रहे थे. पकड़ी गई युवतियां भी इसी नेटवर्क की हिस्सा थीं, जिन्हें ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया जाता था.
छापेमारी के दौरान पुलिस को होटल से शराब, बड़ी मात्रा में यौन शक्तिवर्धक गोलियां, लैपटॉप, सीडी, 58 हजार रुपये नकद, 17 मोबाइल फोन, दो आगंतुक रजिस्टर, पांच एटीएम कार्ड, एक कार, कोड स्कैनर, स्वाइप मशीन, 35 विजिटिंग कार्ड और दो आधार कार्ड समेत कई आपत्तिजनक वस्तुएं मिली हैं.










