मेरठ : जिले के कपसाड़ में बीते 8 जनवरी को दलित महिला सुनीता की हत्या और बेटी रूबी के अपहरण के मामले रविवार शाम को आरोपी पारस सोम को एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने पारस सोम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
दूसरी ओर युवती को आशा ज्योति केंद्र भेजा गया है. आरोपी पारस सोम को जिस वक्त कोर्ट में लाया गया,उस वक्त चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी.
रविवार सुबह से ही कोर्ट परिसर में मीडिया का जमावड़ा लगा रहा. पुलिस ने एसीजेएम द्वितीय की कोर्ट में रूबी को पेश कर उसके बयान दर्ज कराए. करीब 50 मिनट तक रूबी के बयान दर्ज हुए.
इस दौरान पुलिस कुछ भी कहने से बचती रही. वहीं पीड़िता रूबी के बयान बेहद गोपनीय तरीके से एसीजेएम द्वितीय की अदालत में दर्ज कराए गए, जिसकी भनक कचहरी परिसर में मौजूद मीडिया और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी नहीं लग सकी।
शाम को पुलिस हत्या के आरोपी पारस को सीजएम कोर्ट में पेश करने पहुंची. कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में मेरठ जेल भेज दिया. पारस ने खुद को बेकसूर बताया है.










