देहरादून: उत्तराखंड उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश के रूप में मनोज कुमार गुप्ता ने लोकभवन देहरादून में शपथ ग्रहण की. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रि) गुरमीत सिंह ने उन्हें पद की शपथ दिलाई.
बता दें कि न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता उत्तराखंड हाईकोर्ट के 15 वें चीफ जस्टिस हैं. उन्होंने 10 जनवरी 2026 को इस पद का कार्यभार संभाला. जबकि, बीती 9 जनवरी को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश गुहानाथन नरेंद्र अपने पद से रिटायर हुए. उन्होंने 26 दिसंबर 2024 को उत्तराखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस यानी मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाला था. अपने कार्यकाल में उन्होंने कई अहम फैसले सुनाए, जिनकी मिसाल दी जाती है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज लोकभवन, देहरादून में नैनीताल उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश श्री मनोज कुमार गुप्ता जी से भेंट कर उन्हें नवीन दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली, उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आशीष नैथानी, प्रथम महिला गुरमीत कौर, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, खजान दास, प्रदीप बत्रा और सविता कपूर, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, नैनीताल हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल योगेश कुमार गुप्ता, विधि परामर्शी राज्यपाल कौशल किशोर शुक्ल, अपर सचिव रीना जोशी समेत वरिष्ठ न्यायमूर्ति गण, वरिष्ठ अधिकारीगण और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.










