देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों अंकिता भंडारी हत्याकांड का मामला सुर्खियों में बना हुआ है. प्रदेशभर में अंकिता के न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं. इसी सिलसिले में अंकिता भंडारी के माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने अपनी पीड़ा और भावनाओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा. जिस पर सीएम धामी ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया.
अंकिता भंडारी हत्याकांड के मामले को लेकर सूबे में मचे बवाल के बीच बीती रोज यानी 6 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेस वार्ता की थी जिसमें उन्होंने अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात कर उनकी मांगों के अनुसार कार्रवाई करने की बात कही थी. इसी कड़ी में अगले दिन ही यानी 7 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात की.
यह मुलाकात इस वजह से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. क्योंकि, सीएम ने स्पष्ट कहा था कि इस पूरे मामले पर अंकिता के माता-पिता जिस भी जांच की बात कहेंगे, उसके कानूनी पहलुओं को देखते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाएगा. ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने मुलाकात की.
सीएम के सामने रखी अपनी मांगें: इस मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता ने पूरे मामले से संबंधित अपने मंतव्य और भावनाओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा. इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता के माता-पिता के मंतव्य और भावनाओं को सुनने के साथ ही उन्हें आश्वस्त किया है कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है.
इसके अलावा सीएम ने अंकिता के माता-पिता को आश्वान दिया कि कोई भी दोषी बक्शा नहीं जाएगा. दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.










