सिख परिवार ने मस्जिद के लिए दान की अपनी जमीन, पंजाब की धरती से पूरी दुनिया को आपसी भाईचारे का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

श्री फतेहगढ़ साहिब (पंजाब): जिले के जखवाली गांव में, दिवंगत जरनैल सिंह की पत्नी राजिंदर कौर के परिवार ने मुस्लिम समुदाय को नमाज पढ़ने में होने वाली कठिनाई को देखते हुए मस्जिद के निर्माण के लिए अपनी 5 मरला जमीन दान कर दी है. एक विशेष कार्यक्रम में बीबी राजिंदर कौर ने मस्जिद के नाम पर इस जमीन के दस्तावेज सौंपे.

गांव के पूर्व सरपंच ने बताया कि इससे पहले भी उनके द्वारा मुस्लिम समुदाय के लिए एक ‘जंजघर’ (सामुदायिक भवन) बनवाया गया था. इसके अलावा, पूरा गांव मुस्लिम समुदाय के साथ खड़ा है और इस मस्जिद के निर्माण में हर संभव सहयोग कर रहा है.

जमीन दान करने वाली बुजुर्ग महिला राजिंदर कौर के पोते ने कहा, “गांव में मुस्लिम भाइयों को नमा पढ़ने में दिक्कत आ रही थी. इसी बात को ध्यान में रखते हुए हमारे परिवार ने मस्जिद के लिए वह जमीन दान कर दी, जिसे मुस्लिम समुदाय कड़ी मेहनत से जुटाए पैसों से खरीदने की कोशिश कर रहा था. यह जमीन हमारी पुश्तैनी जमीन नहीं थी, बल्कि हमने खुद इसे पैसों से खरीदा था.”

सरकारी जमीन पर धार्मिक निर्माण संभव नहीं था, इसलिए उनके परिवार ने अपनी निजी जमीन दान करने का फैसला किया, जो लगभग 5 मरला है. ग्रामीण का कहना है कि हालांकि आज धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने की पुरजोर कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन पंजाब में सिख, हिंदू, मुस्लिम और ईसाई समेत सभी धर्मों के लोग हमेशा से साथ रहते आए हैं.

इस खास मौके पर पंजाब के शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी विशेष रूप से मस्जिद की नींव रखने पहुंचे. इस अवसर पर शाही इमाम ने कहा, ‘आज भी पंजाब की धरती से पूरी दुनिया को आपसी भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है. पंजाब में सभी धर्मों के लोग अपने धर्म में रहते हुए एक-दूसरे का सम्मान करना अच्छी तरह जानते हैं. पंजाब ने हमेशा नफरत पर प्यार की जीत को जिंदा रखा है.’

जखवाली गांव में सिखों की बड़ी आबादी है. यहां हिंदू व मुस्लिम परिवार भी बहुत प्यार और सद्भाव के साथ रहते हैं. लेकिन पिछले तीन दशकों से गांव में मुस्लिम समुदाय को एक मस्जिद की कमी महसूस हो रही थी. इस कमी को पूरा करने के लिए जरनैल सिंह की पत्नी राजिंदर कौर ने जमीन दान में दी है.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial