देहरादून: दून शहर के काजी मौलाना मोहम्मद अहमद कासमी को अंतिम विदाई देने के लिए भारी जन सैलाब उमड़ा. बीते रोज उनका दिल का दौरा पड़ने से इंतकाल हो गया था. जिनका आज अंतिम यात्रा निकाली गई. उन्हें नम आंखों से सुपुर्द-ए-खाक किया गया. वहीं, काजी अहमद कासमी के इंतकाल पर मुस्लिम समुदाय और परिचितों के साथ सामाजिक व राजनीतिक संगठनों में शोक की लहर है. उनके अंतिम यात्रा में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि देहरादून में एक अमन पसंद धार्मिक नेता को खो दिया है.
मौलाना मोहम्मद अहमद कासमी साल 1981 से देहरादून के शहर काजी थे. जिनका 74 साल की उम्र में इंतकाल हो गया. बीते रोज यानी 22 नवंबर को मोहम्मद अहमद कासमी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए नजीबाबाद जा रहे थे. तभी अचानक उनका इंतकाल हो गया. बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा था. जिससे उनका इंतकाल हुआ. वहीं, रविवार यानी 23 नवंबर को उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई. उनके घर से चंदर नगर स्थित कब्रिस्तान तक लोगों का हुजूम उमड़ा. जहां नम आंखों से उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया.










