पटना : पंचायती राज विभाग के नए मंत्री दीपक प्रकाश ने शनिवार को औपचारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण किया. इस दौरान विभाग के अधिकारी मौजूद रहे और विभागीय प्रक्रियाओं की जानकारी उन्हें दी गई. मंत्री ने कहा कि गांव-गांव में हर व्यक्ति तक लोकतंत्र की शक्ति पहुंचाना उनकी प्रतिबद्धता है और जरूरत पड़ने पर नई पहल भी की जाएगी.
”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में उन्हें जो जिम्मेदारी मिली है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे. उन्होंने कहा कि पंचायती राज लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ है और इसकी संस्थाओं को मजबूत बनाना उनका प्राथमिक लक्ष्य होगा.”
पदभार ग्रहण के दौरान एक मौके पर मीडिया कर्मियों ने अलग-अलग एंगल से फोटो लेने का आग्रह किया, जिस पर मंत्री दीपक प्रकाश नाराज हो गए. उन्होंने मीडिया से कहा कि अब बहुत हो गया, यहां से जाइए और विभाग को अपना काम करने दीजिए. उन्होंने यह भी कहा कि अपना और हमारा समय बर्बाद मत कीजिए. उनकी यह टिप्पणी कैमरे में कैद हो गई और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
दीपक प्रकाश राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कोटे से मंत्री बने हैं. वह राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा के बेटे हैं. दिलचस्प बात यह है कि वह किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं, लेकिन सीधे मंत्री पद पर उनकी नियुक्ति ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी.










