पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान जारी है. पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग हो रही ह और 1314 प्रत्याशी की किस्मत दांव पर है. इस चरण में मुख्य मुकाबला इंडिया गठबंधन के सीएम पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव और बीजेपी के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी जैसे दिग्गजों के बीच है.
बिहार के उपमुख्यमंत्री और तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी ने वोट डाला। सम्राट चौधरी ने मतदान के बाद कहा, “बिहार में पूरी तरह से अच्छी सरकार बने और नीतीश कुमार द्वारा किए गए काम निर्बाध चलते रहे. बिहार में बदलाव बहुत मेहनत के बाद आया है. 2005 से पहले गड्ढों में सड़क थी या सड़क में गड्ढे ये जनता जानती है, इसलिए विकास के मॉडल पर वोट करें.” राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा कि 4 महीने हो गए हैं और राहुल गांधी एक भी सबूत नहीं दे पाए हैं. हमने ऐसा नेता प्रतिपक्ष कभी नहीं देखा. उन्हें कम से कम कुछ तैयारी तो करनी चाहिए.
केंद्रीय मंत्री और LJP (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान पर कहा, “सभी मतदाताओं से अपील करूंगा कि मतदान जरूर करें. मैं चाहता हूं कि आज मतदान का रिकॉर्ड बने और सबसे ज्यादा मतदान हो. आज सबको एकजुट होकर मतदान करना चाहिए. राहुल गांधी की वोट चोरी के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस पर उन्होंने कहा, “अगर ये जानकारियां आपके सामने आई हैं तो आप कोर्ट का रास्ता क्यों नहीं अपनाते हैं. SIR की प्रक्रिया से भी आपको समस्या है.”
लालू यादव ने किया मतदान, बोले- ‘बदलाव होगा’
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पटना के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि इस बार बदलाव होना तय है।










