नई दिल्ली: विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली. प्रधानमंत्री मोदी ने लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आधिकारिक आवास पर भारत की चैंपियन बेटियों की मेजबानी की. पीएम मोदी ने भारतीय महिला टीम और ट्रॉफी के साथ फोटो क्लिक कराई. प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी. साथ ही टूर्नामेंट में पहले लगातार तीन हार का सामना करने के बाद उनकी शानदार वापसी की सराहना की और सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के बाद मजबूती से उभरने के लिए टीम के दृढ़ संकल्प की सराहना की.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीएम मोदी ने एक-एक करके सभी खिलाड़ियों से बातचीत भी की. इस दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 2017 में प्रधानमंत्री मोदी से हुई मुलाकात को याद किया, जब वे ट्रॉफी के बिना प्रधानमंत्री से मिली थीं. विजेता टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें प्रेरित किया है और वो सभी के लिए प्रेरणा रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया कि कैसे आज लड़कियां सभी क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, और यह प्रधानमंत्री की वजह से है.
मुलाकात के दौरान हरमनप्रीत ने प्रधानमंत्री से पूछा कि वह हमेशा वर्तमान में कैसे रहते हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसा करना उनके जीवन का हिस्सा बन गया है और उनकी आदत बन गई है.
हरमनप्रीत और हरलीन की तारीफ
प्रधानमंत्री मोदी ने 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ हरलीन के प्रसिद्ध कैच को भी याद किया, जिसके बारे में उन्होंने उस समय सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. पीएम मोदी ने बताया कि कैसे हरमनप्रीत ने फाइनल मैच के बाद गेंद पॉकेट में डाल दी. उन्होंने कहा कि वह भाग्यशाली थीं कि गेंद उनके पास आई और उन्होंने उसे अपने पास रख लिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर अमनजोत कौर के चर्चित कैच के बारे में बात की, जो उन्होंने कई बार फंबल करने के बाद लिया था. उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा फंबल है जिसे देखना उन्हें बहुत पसंद है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “कैच करते समय आपको गेंद दिखनी चाहिए, लेकिन कैच के बाद आपको ट्रॉफी दिखनी चाहिए.”










