भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों मेलबर्न में खेले गए दूसरे टी20 मैच 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. इसके साथ ही भारत सीरीज में 1-0 से पिछड़ गया है. इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम 18.4 ओवर में 8 बॉल बाकी रहते हुए 125 रनों पर ऑलआउट हो गई. ऑस्ट्रेलिया ने भारत से जीत के लिए मिले 126 रनों के लक्ष्य को 13.2 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया 4 विकेट से मैच जीत लिया. हेजलवुड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की शुरुआत करने के लिए ट्रेविस हेड और मिशेल मार्श आए. इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 4.3 ओवर में 51 रन जोड़े. भारत को पहली सफलता हेड के रूप में मिली जब वो 28 रन बनाकर वरुण चक्रवर्थी का शिकार बने. इसके बाद कप्तान मिशेल मार्श 46 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. उन्हें कुलदीप यादव ने पवेलियन की राह दिखाई.ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश इग्लिश ने 20 रनों की पारी खेली. मिचेल ओवल ने 14 रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाई. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्थी और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट हासिल किए.
भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने 37 बॉल में 8 चौके और 2 छक्कों के साथ 68 रनों की बेहतरीन पारी खेली. अभिषेक के अलावा हर्षित राणा ने 33 बॉल में 3 चौके और 1 छक्के के साथ 35 रनों की पारी खेली. इन दोनों के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का भी आंकड़ा पार नहीं कर पाया. ऑस्ट्रेलिया के लिए जोश हेजलवुड ने 3 और जेवियर बार्टलेट व नाथन एलिस ने 2-2 विकेट चटकाए.










