सारण: मढ़ौरा विधानसभा सीट से लोजपा रामविलास की प्रत्याशी सीमा सिंह का नामांकन रद्द हो गया है. सीमा सिंह को चिराग पासवान ने चुनाव लड़ने के लिए टिकट दिया था. एक दिन पहले ही शुक्रवार को नामांकन किया था. नामांकन रद्द होने से एनडीए को बड़ा नुकसान हो गया है. अब इस सीट पर सिर्फ राजद और जन सुराज के बीच मुकाबला है.
नामांकन पत्र में त्रुटि: नामांकन रद्द होने को लेकर डीपीआरओ ने विज्ञप्ति जारी की है. जिसमें बताया गया है कि मढ़ौरा से विधानसभा चुनाव में नामांकन दाखिल करने वाली सीमा सिंह का नामांकन पत्र में त्रुटि के कारण रद्द कर दिया गया है. इस प्रकार सीमा सिंह चुनाव लड़ने से वंचित हो गई हैं.
कौन है सीमा सिंह?: सीमा सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी मानी चेहरा हैं. फिल्मों में अपने आइटम डांस को लेकर खूब चर्चित हैं. एनडीए का घटक दल चिराग पासवान की पार्टी लोजपा रामविलास ने मढ़ौरा सीट से टिकट दिया था. लोजपा रामविलास की प्रदेश युवा महासचिव हैं.
बसपा प्रत्याशी का नामांकन रद्द: बसपा के आदित्य कुमार और निर्दलीय विशाल कुमार का भी नामांकन पत्र रद्द हो गया है. इस प्रकार मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने वाले कुल चार प्रत्याशियों का नामांकन रद्द कर दिया गया है. सीमा सिंह को लेकर एनडीए खेमे को बड़ालगा है, क्योंकि सीमा सिंह को मढ़ौरा में एक सशक्त उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा था.
निर्दलीय प्रत्याशी अल्ताफ आलम राजू का भी नामांकन कैंसिल हो गया है.
राजद और जनसुराज का मुकाबला: मढ़ौरा सीट पर अब राजद और जनसुराज के बीच मुकाबला है. मढ़ौरा के राजद प्रत्याशी जितेंद्र कुमार राय हैं, जो निवर्तमान विधायक हैं. बिहार सरकार में राजद कोटा से मंत्री भी रह चुके हैं. वहीं जन सुराज के नवीन कुमार सिंह उर्फ अभय सिंह मैदान में हैं.










