लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दीपावली के मौके पर 1.86 करोड़ परिवारों को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर का तोहफा दिया है. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की गरीब और वंचित महिलाओं को प्रति वर्ष दो मुफ्त LPG सिलेंडर रिफिल दिए जाएंगे.
लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर का वितरण किया. दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत ₹1,500 करोड़ की धनराशि खर्च होगी.
सीएम योगी ने कहा कि जिस रसोई गैस के लिए आपको पैसे देने होते है, यूपी सरकार ने तय किया कि साल भर में 2 सिलेंडर मुफ्त में देने का काम करेंगे. वही, हमने आज भी किया है.
बता दें कि यह कदम गरीब परिवारों को आर्थिक राहत और स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है. प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत 2016 में हुई थी, जिसका मकसद ग्रामीण और गरीब परिवारों को लकड़ी, कोयला जैसे पारंपरिक ईंधन से मुक्ति दिलाकर LPG जैसे स्वच्छ ईंधन तक पहुंचाना था. इससे महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक असर पड़ा है.
इधर, राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक 1.86 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला कनेक्शन मिल चुका है, जो इस योजना को लागू करने में अग्रणी है. इस योजना के तहत मुफ्त सिलेंडर दो चरणों में दिए जाएंगे. पहला चरण अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025 तक और दूसरा चरण जनवरी 2026 से मार्च 2026 तक चलेगा. इसके लिए योगी सरकार ने 1500 करोड़ रुपये का बजट रखा है. पहले चरण में 1.23 करोड़ आधार प्रमाणित लाभार्थियों को लाभ मिलेगा.
लाभार्थी सिलेंडर की कीमत चुकाएंगे और 3-4 दिनों में सब्सिडी उनके आधार से जुड़े बैंक खाते में जमा हो जाएगी. 5 किलो के सिलेंडर वाले लाभार्थी भी 14.2 किलो का सिलेंडर ले सकते हैं. जिन लाभार्थियों का आधार प्रमाणन बाकी है, उनके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. ऑयल कंपनियां SMS भेजकर और कैंप लगाकर आधार सत्यापन कर रही हैं.
इसके लिए विशेष ऐप और अतिरिक्त लैपटॉप की व्यवस्था की गई है. योजना को पारदर्शी बनाने के लिए कड़ी निगरानी होगी. राज्य और जिला स्तर पर समितियां बनाई गई हैं, जो नियमित समीक्षा करेंगी. शिकायत निवारण के लिए भी विशेष व्यवस्था है. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उपभोक्ताओं को पूर्ण मात्रा में गैस मिले.










