जैसलमेर: जिले के जैसलमेर-जोधपुर मार्ग पर सेना के वॉर म्यूजियम के पास मंगलवार को यात्रियों से भरी निजी बस में आग लग गई. इस हृदय विदारक हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई. वहीं, 15 घायलों का जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना में हुई मौतों की पुष्टि करते हुए पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी ने कहा कि 19 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक घायल की जोधपुर में मौत हुई है. उन्होंने बताया कि शवों की पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने जैसलमेर बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि जैसलमेर, राजस्थान में एक बस में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं.
वहीं, PMO की ओर से जारी बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. पीएम ने PMNRF से ₹2 लाख मृतकों के परिजनों को और ₹50,000 घायलों को सहायता राशि देने की घोषणा की है.
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने लिखा कि राजस्थान के जैसलमेर में बस में आग लगने की दुखद घटना में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ. दुखी परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं.
चिकित्सा मंत्री ने बताया कि प्रथम दृष्या ऐसा लग रहा है कि एसी का कंप्रेशर फटने से विस्फोट हुआ है. बस में आगे के हिस्से में जो लोग थे वह निकल गए थे. एक ही निकास होने से पीछे के लोग अंदर ही फंस गए थे. कंप्रेशर फटने की पूरी जांच एफएसएल से होगी. उन्होंने कहा कि हर परिवार की सहायता सरकार करेगी. सभी को मुआवजा दिया।
सीएम ने रद्द किया पटना चुनाव प्रचार दौरा: जैसलमेर बस हादसे के मामले में सीएम भजनलाल, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, सचिन पायलट समेत कई नेताओं दुख जताया है. सीएम भजनलाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि ‘जैसलमेर में हुए बस हादसे की घटना अत्यंत दुखद है. मौके पर पहुंचकर प्रशासनिक एवं सैन्य अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. इस दुर्घटना में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और घायलों को अतिशीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करे’.










