अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी ने इस्लामिक शिक्षण संस्थान दारुल उलूम देवबंद का दौरा किया. फतवों की नगरी दारूल उलूम देवबंद पहुंचे अफगानिस्तान के विदेश मंत्री को देखने के लिए उमड़ी भीड़ बेकाबू हो गई. भीड़ इतनी अधिक हो गई थी कि गार्ड ऑफ ऑनर भी नहीं होने दिया गया. भीड़ ने अमीर खान मुत्तकी की गाड़ी को घेर लिया.
यहां तक कि भीड़ ने सुरक्षा घेरा भी तोड़ दिया. इस वजह से अफगानिस्तान के विदेश मंत्री दारूल उलूम प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारी ठीक से स्वागत भी नहीं कर पाए.
मीडिया से बातचीत करते हुए अमीर खान मुत्ताकी ने कहा कि सफर बहुत अच्छा रहा है. सिर्फ दारुल उलूम के लोग ही नहीं, बल्कि इलाके के सभी लोग यहां आए हैं. उन्होंने मेरा जो गर्मजोशी से स्वागत किया, उसके लिए मैं उनका आभारी हूं. मैं इस गर्मजोशी से स्वागत के लिए देवबंद के उलेमा और इलाके के लोगों का आभारी हूं. उन्होंने कहा कि भारत-अफगानिस्तान संबंधों का भविष्य बहुत उज्ज्वल है.
वहीं, दारूल उलूम देवबंद के गोलाकार पुस्तकालय में आयोजित अफ़गानिस्तान विदेश मंत्री का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा . जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि भीड़ को देखते हुए कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है. इस कार्यक्रम में आमिर खान दारूल उलूम के छात्रों और अध्यापकों को संबोधित करना था, लेकिन भीड़ को देखते हुए और सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन को कार्यक्रम कैंसिल करना पड़ा.









