पीएम मोदी ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा कांग्रेस बताए 26/11 हमले के बाद जवाबी सैन्य कार्रवाई से किसने रोका था

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नवी मुंबई: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस से कहा कि उसे देश को बताना चाहिए कि पाकिस्तान से जुड़े 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत को जवाबी सैन्य कार्रवाई करने से किसने रोका था. साथ ही उन्होंने पार्टी पर सत्ता में रहते हुए आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करने का आरोप लगाया.

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार (2004-14) ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को कमजोर किया, जिसके कारण देश को भारी कीमत चुकानी पड़ी है. मोदी ने कहा, “एक कांग्रेस नेता, जो केंद्रीय गृह मंत्री भी रह चुके हैं, ने कहा है कि एक देश ने 2008 में 26/11 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भारत को जवाबी सैन्य कार्रवाई से रोका था. पार्टी को स्पष्टीकरण देना चाहिए.”

कांग्रेस पर पीएम मोदी का तंज
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, शहर की इसी विशेषता के कारण 2008 में आतंकवादियों ने इसे निशाना बनाया था. अगर कांग्रेस के एक शीर्ष नेता, जो केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं, की बात पर यकीन किया जाए, तो तत्कालीन यूपीए सरकार एक देश के दबाव में पाकिस्तान पर हमला करने से पीछे हट गई, जबकि हमारे रक्षा बल तैयार थे और देश की भावना (पड़ोसी देश पर) हमला करने की थी.

चिदंबरम की टिप्पणी का जिक्र
मोदी स्पष्ट रूप से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी चिदंबरम की उस टिप्पणी का जिक्र कर रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि वह हमलों के बाद व्यक्तिगत रूप से पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई के पक्षधर थे, लेकिन यूपीएम सरकार ने विदेश मंत्रालय के विचार के अनुसार इस्लामाबाद के खिलाफ कूटनीतिक कदम उठाने का फैसला किया. चिदंबरम ने कहा था कि अमेरिका सहित वैश्विक शक्तियां चाहती थीं कि भारत पाकिस्तान के साथ युद्ध शुरू न करे.

“कांग्रेस ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को कमजोर किया”
उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को कमजोर किया और राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता किया, जिसके कारण भारत को भारी कीमत चुकानी पड़ी और बड़ी संख्या में लोगों की जान गई.” प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके विपरीत, आज का भारत दुश्मन के घर में घुसकर आतंकवादी हमलों का मुंहतोड़ जवाब देता है. पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, “हमारे लिए, हमारे देश और उसके नागरिकों की सुरक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है.”

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial