राजस्थान: कुचामन सिटी में मंगलवार सुबह बदमाशों ने बाइक एजेंसी संचालक और भाजपा नेता रमेश रूलानिया की गोली मारकर हत्या कर दी. हत्यारों ने व्यापारी पर उस समय फायरिंग की, जब वह वर्कआउट करने जिम आए थे. तीन नकाबपोश बदमाश जिम पहुंचे और रूलानिया पर फायरिंग कर फरार हो गए. घायल रूलानिया को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इधर, बदमाशों की तलाश में पुलिस ने नाकाबंदी कराई, लेकिन आरोपी अभी हाथ नहीं आए. सूचना मिलने पर राजस्व राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली.
पुलिस अधीक्षक रिचा तोमर ने बताया कि रमेश रूलानिया मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे स्टेशन रोड स्थित जिम में वर्कआउट करने गए थे कि नकाबपोशों ने गोली मार दी. बताया जा रहा है कि आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे. उन्होंने अपनी गाड़ियां नीचे सड़क पर खड़ी की और नकाब बांध दूसरी मंजिल स्थित जिम पहुंचे और रमेश रूलानिया पर फायरिंग कर दी. फायरिंग के बाद बदमाश गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए. सूचना मिलते ही एसपी रिचा तोमर कुचामन सिटी पहुंचीं और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया व सीओ अरविंद बिश्नोई के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया.
घटना की सूचना के बाद राजस्व राज्यमंत्री विजय चौधरी मौके पर पहुंचे.
बताया जा रहा है कि बाइक एजेंसी संचालक रमेश रूलानिया को पिछले दिनों रोहित गोदारा गैंग से धमकियां मिली थी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. जाट समाज के ज्ञानाराम रणवां ने कहा कि इसमें पुलिस की बड़ी लापरवाही है. आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे. एसपी तोमर ने कहा कि पुलिस ने पूरे प्रदेश में नाकाबंदी कराई है।










