बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज शाम 4 बजे होगा. 243 सीटों के लिए मतदान की घोषणा चुनाव आयोग करेगा. चुनाव आयोग की टीम बिहार का दौरा कर दिल्ली लौट चुकी है. आज 4 बजे से पहले एक समीक्षा बैठक होगी, जिसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. बिहार में विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर तक है, इससे पहले चुनाव संपन्न होने हैं.
इस शुभ घड़ी का इंतजार था – रामनाथ ठाकुर
केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा, “बिहार की जनता इस शुभ घड़ी का इंतजार कर रही थी, चुनाव आयोग द्वारा शाम को तारीख की घोषणा की जाएगी। बिहार की जनता पिछले 20 वर्षों से नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए कार्यों को देख रही है. चुनाव में बिहार की जनता नीतीश कुमार, उनके कार्यों और बिहार के विकास व प्रगति को देखकर NDA गठबंधन के उम्मीदवारों को एकमत होकर वोट देगी और नीतीश कुमार को फिर से मौका देगी.”
जनता इन्हें वोट क्यों देगी- गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने महागठबंधन के नेताओं के सरकार बनाने के दावे पर तंज कसते हुए कहा, “वे मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं. राहुल गांधी विदेश में हैं, तेजस्वी यादव भी चुनाव के बाद कहीं जाएंगे. जनता इन्हें वोट क्यों देगी, पहले यह बताएं. वह 15 साल का हिसाब दे, हम 20 साल का हिसाब देंगे। विकास पर चर्चा करें. ‘SIR’ के नाम पर बिहार में भ्रम फैलाया, लेकिन अंत में एक भी नाम नहीं दे सके…एनडीए की सरकार 200% है और 200% बनेगी.”
चुनाव के लिए हम तैयार- कांग्रेस
कांग्रेस नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा, “कांग्रेस पार्टी और महागठबंधन पूरी तरह तैयार है. महागठबंधन के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए सभी तैयार हैं. चुनाव आयोग से हमारी बस यही अपेक्षा है कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हों, गरीब और वंचित वर्ग को वोट देने का अधिकार हो. चुनाव चाहे दो चरणों में हों या एक चरण में, हम तैयार हैं.”










