पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बजने वाला है. चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त विवेक जोशी और एस.एस. संधू पटना के दो दिवसीय दौरे पर हैं. आज ताज होटल में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ बिहार के सभी 12 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठक हुई, जो अब खत्म हो चुकी है.
मुख्य निर्वाचन आयुक्त की अध्यक्षता में भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने आज विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक् की और उनके सुझाव एवं अपेक्षाओं पर चर्चा की. इसके बाद निर्वाचन आयोग की टीम बिहार के सभी प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, उप महा निरीक्षक, सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेगी.जिसमें निर्वाचन की प्रशासनिक और विधि व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी.
बैठक: 5 अक्टूबर को निर्वाचन आयोग की टीम नोडल अधिकारियों के साथ बैठक करेगी. जिसमें चुनाव के दौरान निष्पक्ष और परिदृश्य को सुनिश्चित करने हेतु तैयारी की समीक्षा की जाएगी. इसके साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं निर्वाचन आयोग के सदस्यों की राज्य पुलिस नोडल अधिकारी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के नोडल अधिकारी के साथ बैठक होगी.
5 अक्टूबर को ही प्रेस कॉन्फ्रेंस: 5 अक्टूबर को पटना में मुख्य निर्वाचन आयुक्त एवं आयोग की टीम दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी. जिसमें विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर दिशा-निर्देश की जानकारी दी जाएगी. भारत निर्वाचन आयोग की टीम की समीक्षा यात्रा का उद्देश्य बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 को स्वतंत्र निष्पक्ष शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न करना मुख्य उद्देश्य है.










