बरेली: पिछले सप्ताह शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर हिंसा भड़क गई थी. विरोध प्रदर्शनों के हिंसक होने के बाद अब आज की जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन हाई अलर्ट है. जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 6000 जवानों की अतिरिक्त फोर्स दूसरे जिलों से मंगाकर तैनात की गई है. इसके साथ ही रात को बरेली पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च भी किया.
बरेली में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात: डीआईजी साहनी ने बताया, स्थिति पूरी तरह सामान्य है. पुलिस रूट मार्च और पैदल गश्त कर रही है. हम सभी पक्षों से बात कर रहे हैं. सीआरपीएफ और जिला बलों के साथ-साथ प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की 10 कंपनियां यहां तैनात हैं. हम जनता से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील करते हैं.
पुलिस ने किया फ्लैग मार्च: ADG जोन बरेली रमित शर्मा और कमिश्नर भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को शहर में फ्लैग मार्च किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और शांति बनाए रखने की अपील की. शहर को 4 सुपर और 4 स्पेशल जोन में बांटा गया है. प्रत्येक सुपर जोन में एक IPS, दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और दो क्षेत्राधिकारी की तैनाती होगी. वहीं हर स्पेशल जोन में एक एडिशनल SP, दो CO और पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है.
मौलाना ने शांति से जुमे की नमाज अता करने की अपील की: बरेली की आला हजरत दरगाह के मौलाना अहसान रजा खां ने मुसलमानों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि हर मुसलमान जुमे की नमाज अदा करने के बाद शांति से अपने घर लौटे. अफवाहों पर ध्यान न दें और अमन कायम रखें.










