नई दिल्ली: ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने 3 अक्टूबर के ‘भारत बंद’ आह्वान को स्थगित कर दिया है. देश के विभिन्न हिस्सों में मनाए जा रहे त्योहारों के कारण बोर्ड ने यह फैसला लिया. मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने बुधवार को कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ उसका आंदोलन योजना के अनुसार जारी रहेगा और अन्य सभी कार्यक्रम निर्धारित तारीख पर आयोजित किए जाएंगे.
AIMPLB ने एक बयान में कहा कि रिपोर्टों के अनुसार, देश के कुछ राज्यों में इसी तिथियों पर हमारे साथी नागरिकों के धार्मिक त्योहार भी मनाए जा रहे हैं. इसे देखते हुए, AIMPLB के महासचिव मौलाना फजलुर रहीम मुजद्दिदी और बोर्ड के प्रवक्ता एसक्यूआर इलियास द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना खालिद सैफुल्लाह रहमानी की अध्यक्षता में AIMPLB के पदाधिकारियों की एक आपात बैठक बुलाई गई.
उन्होंने बताया कि लंबी चर्चा और समीक्षा के बाद सर्वसम्मति से 3 अक्टूबर को होने वाले भारत बंद को स्थगित करने का निर्णय लिया गया. इसलिए, 3 अक्टूबर को घोषित भारत बंद स्थगित कर दिया गया है और नई तारीखों की घोषणा जल्द ही की जाएगी.
बयान में कहा गया है कि वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ बोर्ड का आंदोलन योजना के अनुसार जारी रहेगा और अन्य सभी कार्यक्रम निर्धारित तिथियों के अनुसार आयोजित किए जाएंगे।
एआईएमपीएलबी के प्रवक्ता और वक्फ बचाओ अभियान के राष्ट्रीय संयोजक इलियास ने कहा कि, “भारत बंद स्थगित कर दिया गया है, लेकिन इंशाअल्लाह, जल्द ही नई तारीखों की घोषणा की जाएगी. वक्फ विरोधी कानून के खिलाफ आंदोलन योजना के अनुसार चलता रहेगा.”
AIMPLB समेत कई मुस्लिम संगठन नए वक्फ कानून को वापस लेने की मांग कर रहे हैं. 17 सितंबर को, AIMPLB ने अपने वक्फ बचाओ अभियान के लिए एक रोडमैप की घोषणा की थी. जिसके तहत यह घोषणा की गई थी कि 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक देशभर के मुसलमान विरोध स्वरूप अपने व्यवसाय, कार्यालय और प्रतिष्ठान बंद रखेंगे.
वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ देशव्यापी अभियान चला रहे AIMPLB का दावा है कि यह वक्फ संस्थाओं की स्वायत्तता को कमजोर करता है और मुस्लिम समुदाय के अधिकारों का हनन करता है. बोर्ड पहले ही विभिन्न राज्यों में जनसभाएं, रैलियां और हस्ताक्षर अभियान चला चुका है.










