नई दिल्ली: दिल्ली के दिलशाद गार्डन स्थित जीटीबी अस्पताल में एमबीबीएस छात्रा ने असिस्टेंट प्रोफेसर पर शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है. इस मामले में पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना दी गई थी. डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि इमरजेंसी ऑफिसर को जानकारी दी कि उनके साथ जीटीबी अस्पताल में तैनात डॉक्टर ने छेड़छाड़ की. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. घटना के बाद, जीटीबी अस्पताल प्रशासन भी सकते में है. अस्पताल प्रबंधन ने कहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आंतरिक जांच समिति गठित की जाएगी, ताकि संस्थान की साख और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
छात्रा की शिकायत के बाद मेडिकल छात्रों और स्टाफ में भी आक्रोश है. कई छात्रों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी छात्रा को इस तरह की स्थिति का सामना न करना पड़े. वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की पूरी जांच की जा रही है. आरोप साबित होने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.










