गायत्री प्रजापति पर लखनऊ जेल में हमला; अखिलेश बोले-यूपी में कहीं भी, कोई सुरक्षित नहीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ: सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति पर मंगलवार देर शाम लखनऊ जेल में एक कैदी ने हमला कर दिया था. इसके बाद पहले उनका जेल अस्पताल में ही प्राथमिक उपचार किया गया. इसके बाद में उन्हें केजीएमयू (KGMU) भेजा गया. जहां पर उनके सिर पर पांच टांके लगे हैं.

हाथ में आई चोट का भी इलाज किया जा रहा है. जैसे ही गायत्री पर हमले की जानकारी उनके परिजनों को मिली तो तत्काल उनकी विधायक पत्नी महाराजी देवी प्रजापति उनसे मिलने पहुंचीं. उनकी बेटियां भी उनके साथ थीं. फिलहाल गायत्री की हालात बिल्कुल सही है. उन्हें आराम करने की सलाह डॉक्टर ने दी है. 

अपने ऊपर हुए हमले के बाद गायत्री ने कहा था कि जिसने भी हमला किया वह शातिर अपराधी है. उसका नाम विश्वास है. काफी दिन से वह जेल में बंद है. एक अपराधी किस्म का व्यक्ति है. हमारा किसी से कोई विवाद नहीं था. यह अचानक सब कुछ हुआ. यह जानलेवा हमला है.

पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर हुए हमले को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी X पर लिखा है कि उत्तर प्रदेश में कहीं कोई भी सुरक्षित नहीं है. उन्होंने पूर्व मंत्री गायत्री पर हुए हमले की निष्पक्ष न्यायिक जांच की भी मांग की है.

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने एक बयान जारी करके कहा है कि जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर हमले की खबर चिंताजनक है. भला पूर्व मंत्री पर हमला हो रहा है तो आम आदमी कैसे सुरक्षित रह सकता है. उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज बची ही नहीं है.

गायत्री प्रजापति की बेटी अंकिता प्रजापति ने मीडिया के सामने अपने पिता की हत्या की आशंका तक जता डाली है. उन्होंने कहा कि हमें बहुत डर लग रहा है. कुछ दिन पहले ही वे अस्पताल से डिस्चार्ज होकर वापस जेल गए थे और पूरी तरह स्वस्थ थे. अब जेल के अंदर अगर उन पर इस तरह का हमला हो रहा है तो यह चिंताजनक है. हमारे पिता कोई आतंकवादी नहीं हैं जो उनके साथ इस तरह का बर्ताव किया जा रहा है.

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial