मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी में प्रियंका गांधी ने रोजगार और पलायन को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि पहले बिहार से IAS-IFS निकलते थे, लेकिन अब यहां से मजदूर निकलते हैं. इस दौरान उन्होंने महिलाओं और युवाओं को लेकर बात की.
बिहार में रोजगार नहीं मिलता: प्रियंका गांधी ने कहा कि जब बिहार में कांग्रेस का राज था तब बड़े-बड़े संस्थान, बड़े-बड़े बांध, सडकें बनीं. बिहार का समाज एक शिक्षित समाज था. यहां से कितने आईएएस, आईएफएस में जाते थे. आज की परिस्थिति है कि, यहां रोजगार नहीं मिलता है.
सभी बिहारी राज्य से बाहर: प्रियंका ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मेरा घर बन रहा था, वहां काम करने वाले मजदूर बिहार के थे. दिल्ली में जितनी इमारते बन रही हैं, उसमें काम करने वाले मजदूर बिहार के हैं. उन्होंने कहा कि केरल में एक मजदूर सड़क खोद रहा था. पूछा कहा के हो तो उसने बोला बिहार के हैं.
चीनी मिल चालू नहीं: प्रियंका गांधी ने कहा कि “मोदी जी 2015 में आए थे और यहां के चीनी मिल को चालू करने का वादा किया था, लेकिन आज तक चालू नहीं हुआ. उन्होंने कहा था कि अगर अगली बार आएंगे तो इसी चीनी मिल के बनी चीनी से चाय पिएंगे. मोदी जी फिर मोतीहारी आए भी, ना यहां पर खुद चाय पी और ना किसी को पिलाने दी.








