गुरुग्राम में राहुल गांधी का गुपचुप डिनर, हरियाणा कांग्रेस में दिए बड़े बदलाव के संकेत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम: बीती रात राहुल गांधी अचानक गुरुग्राम पहुंचे. यह दौरा इतना गोपनीय रहा कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष से लेकर अन्य पदाधिकारियों तक को इसकी भनक तक नहीं लगी. राहुल गांधी सीधे एयरपोर्ट से गुरुग्राम के ग्लेरिया मार्केट के पास स्थित पीजियो कैफे पहुंचे. इस डिनर मीटिंग की जानकारी केवल कुछ चुनिंदा लोगों को थी. प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मनीष खटाना ने बताया कि राहुल कि सिक्योरिटी टीम ने उन्हें अचानक कॉल कर बुलाया और फिर वह उनसे मिलने मौके पर पहुंचे.

‘हरियाणा में कांग्रेस की कमान किसी युवा को मिलेगी’: ग्लेरिया मार्केट में पीजियो कैफे के भीतर राहुल गांधी ने हरियाणा की राजनीति को लेकर एक बड़ा संकेत दिया. उन्होंने कहा कि “जल्द ही प्रदेश कांग्रेस की कमान एक युवा नेता को सौंपी जाएगी. अब समय आ गया है कि हरियाणा कांग्रेस में नई ऊर्जा और नया जोश लाया जाए.” उन्होंने इस बदलाव को पार्टी के भविष्य के लिए बेहद जरूरी बताया. मनीष खटाना ने इस बातचीत की पुष्टि करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने यह बात साफ तौर पर कही.

बीजेपी पर तीखा हमला: डिनर के दौरान राहुल गांधी ने बीजेपी पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि “जब से बीजेपी सत्ता में आई है, हरियाणा का विकास पूरी तरह थम गया है.” उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि “तब राज्य में तेज़ी से विकास हो रहा था, लेकिन अब शिक्षा और रोजगार जैसे अहम मुद्दों की अनदेखी हो रही है. युवाओं की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है.”

वोट चोरी और हिन्दू-मुस्लिम मुद्दे पर बीजेपी को घेरा: राहुल गांधी ने बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि “पार्टी संविधान विरोधी तरीकों से चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है. जब भी बीजेपी घिरती है, तो हिन्दू-मुस्लिम जैसे संवेदनशील मुद्दों को उठाकर लोगों का ध्यान भटकाने की साजिश करती है.” उन्होंने इसे एक सोची-समझी राजनीति बताया, जिसका मकसद जनता को गुमराह करना है. राहुल ने दोहराया कि बीजेपी लोकतंत्र की मूल भावना से लगातार खिलवाड़ कर रही है.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial