समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे जेल से बाहर आ गए. करीब 23 महीने बाद आजम खान जेल से बाहर आए और खुली हवा में सांस ली.
आजम खान जेल के अंदर से ही कार में बैठकर बाहर निकले. उन्होंने हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन किया. वैसे, उनकी सीतापुर जेल से रिहाई सुबह 9 बजे होनी थी. लेकिन, एक मुकदमे में जुर्माना राशि जमा न हो पाने के कारण आजम खान की रिहाई अटक गई थी. फिर, रामपुर की अदालत में जुर्माना जमा करने के बाद सीतापुर जेल को सूचना दी गई. इसके बाद आजम खान जेल से बाहर आ सके.
आजम खान ने मीडियाकर्मियों के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और मुस्कुराते हुए निकल गए. आजम खान सफेद रंग की गाड़ी से जेल से बाहर निकले.
आजम खान अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद थे. आजम के वकील जुबेर अहमद खान ने बताया, आजम खान लगभग 2 साल पहले सीतापुर जेल गए थे. आजम खान की रिहाई पर समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गयी।
झूठे मुकदमे वापस लेंगे- अखिलेश यादव
आजम खान की रिहाई पर अखिलेश ने कहा कि सरकार ने आज़म खान पर झूठे मुक़दमे लगाए थे ।साथ ही उन्होंने कहा कि खुशी का समय है. उम्मीद है कि उनके सभी मुकदमे खत्म होंगे. समाजवादी पार्टी सरकार बनने के बाद जितने भी झूठे मुकदमे लगे हैं, वो वापस लेंगे.










