एशिया कप 2025 के सुपर 4 मुकाबले में भारतीय ओपनिंग जोड़ी ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की ऐसी पिटाई की कि वो मैच में कभी वापस ही नहीं आ सके. 172 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दोनों सलामी बल्लेबाजों के बीच हुए 105 रनों की साझेदारी ने शुरू के 10 ओवर में ही मैच को भारत की झोली में डाल दिया था.
अभिषेक और गिल ने ऐसी धुलाई की जिसकी पाकिस्तानी गेंदबाजों ने सोचा भी नहीं होगा. पहले गेंद पर छक्के से शुरुआत करने वाले अभिषेक ने 39 गेंद पर 74 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्का शामिल था. जबिक गिल ने 28 गेंद में 47 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके शामिल थे.
इस खतरनाक किस्म की बल्लेबाजी को पाकिस्तानी गेंदबाज सहन नहीं कर सके और वो भारतीय बल्लेबाजों से बहस करने और उन्हें उकसाने लगे, जिसका भारतीय बल्लेबाजों ने अपने बैट से तीखा जवाब दिया.
खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक
अभिषेक शर्मा ने शाहीन अफरीदी की पहली गेंद पर छक्का जड़ दिया. इसके तुरंत बाद हा खिलाड़ियों के बीच तू तू मैं मैं शुरू हो गई. शर्मा पाकिस्तानी तेज गेंदबाज को गेंद डालने की चुनौती दी और कहा कि चल बॉल डाल, चल. उसके बाद अफरीदी ने कुछ शब्द मुंह में ही कहे, जिसका शर्मा ने तीखा जवाब दिया. इसके बाद शुभमन गिल ने तीसरे ओवर में, अफरीदी पर दो चौके जड़े और हाथों से बॉल करने के इशारे दोहराए.
इसके बाद मैच के पांचवे ओवर में हारिस रऊफ ने अभिषेक को उकसाने की कोशिश की, जिसके बाद अभिषेक ने अपने बल्ले की रफ्तार और तेज कर दी. बात यहीं तक नहीं रुकी अफरीदी और रऊफ ने पंजाबी में गालियां दीं, शाहीन ने पहली गेंद पर छक्का लगने के बाद गालियां दीं, जबकि रऊफ ने दो चौके खाने के बाद गालियां दीं, जिससे नॉन स्ट्राइक पर खड़े अभिषेक की हारिस से तीखी नोक झोंक हो गई, और फिर अंपायरों को बीच-बचाव करके खिलाड़ियों को अलग करना पड़ा. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.
पाकिस्तानी खिलाड़ियों का रवैया सही नहीं था
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने के बाद, अभिषेक शर्मा ने कहा कि मैच के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों का रवैया सही नहीं था वो बेवजह आक्रामक रवैया दिखा रहे थे. इस तरह के आक्रामक रवैये का जवाब देने का एकमात्र तरीका अति-आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन था.










