नई दिल्लीः लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने “वोट चोरी” के खिलाफ अभियान चला रखा है. बीजेपी पर वोट चोरी के आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग पर भी कई गंभीर आरोप लगाये. गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस कर कर्नाटक के अलंद निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची में कथित हेराफेरी और चुनाव आयोग पर बीजेपी के साथ मिलीभगत के आरोप लगाए. राहुल ने भारत के युवाओं, छात्रों और जेन-जी से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए उठ खड़े होने का आह्वान किया.
GEN Z से अपीलः
राहुल ने गुरुवार को एक्स (ट्विटर) पर एक भावनात्मक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा, “राष्ट्र का युवा. राष्ट्र के छात्र. राष्ट्र का GEN Z. संविधान की रक्षा करेगा, लोकतंत्र की रक्षा करेगा, और वोट चोरी को रोकेगा. मैं उनके साथ खड़ा हूं.” राहुल के इस पोस्ट को नेपाल में जेन-जी के डिस्कॉर्ड-आयोजित विरोध प्रदर्शनों से प्रेरित बताया जा रहा है, जिसने वहां की सरकार को उखाड़ फेंका. राहुल ने इसे भारत में लोकतंत्र की रक्षा के लिए युवाओं को प्रेरित करने के अवसर के रूप में प्रस्तुत किया.
बीजेपी का तीखा पलटवारः
बीजेपी ने राहुल और पित्रोदा के बयानों पर कड़ा ऐतराज जताया है. बीजेपी प्रवक्ता गोपाल अग्रवाल ने राहुल पर नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसे देशों में अशांति भड़काने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी देशविरोधी विदेशी ताकतों का हिस्सा बन गए हैं, जो भारत में गृहयुद्ध की साजिश रच रहे हैं.” अग्रवाल ने पित्रोदा के पाकिस्तान बयान को कांग्रेस की “आतंकवाद के प्रति नरम रुख” से जोड़ा और कहा कि कांग्रेस का “आतंकवाद और पाकिस्तान प्रेम” शुरू से रहा है.
बीजेपी ने कर्नाटक के चुनाव अधिकारियों का हवाला देते हुए कहा कि मतदाता सूची में हेराफेरी के आरोप निराधार हैं. अग्रवाल ने आगे कहा, “विदेशी ताकतें भारत को अस्थिर करने की कोशिश करती रहती हैं, और राहुल इन ताकतों के साथ मिलकर जेन-जी को उकसाने का काम कर रहे हैं. लेकिन भारत का युवा राष्ट्रभक्त है और वह इन राष्ट्रविरोधी ताकतों का साथ नहीं देगा.”










