नई दिल्ली : कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने एक ऐसा बयान दिया है, जिसकी वजह से पार्टी असहज हो सकती है. उनका बयान उस समय आया है, जबकि एक दिन पहले गुरुवार को लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जेन-जी (Gen Z) को लेकर जो कुछ कहा है, उस पर भाजपा हमलावर है. पित्रोदा इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष हैं.
पित्रोदा ने कहा कि वह जब भी पाकिस्तान जाते हैं, उन्हें अपना घर जैसा महसूस होता है. उन्होंने कहा कि उन्हें यह अपनापन बांग्लादेश और नेपाल में भी लगता है. एनडीए सरकार की विदेश नीति पर प्रहार करते हुए सैम पित्रोदा ने कहा, “मेरे हिसाब से, हमारी विदेश नीति में पड़ोसी देशों को पहली प्राथमिकता देनी चाहिए. क्या हम वाकई अपने पड़ोसियों के साथ संबंधों में काफी सुधार ला सकते हैं ? मैं पाकिस्तान गया हूं, और आपको बता दूं, मुझे वहां घर जैसा महसूस हुआ. मैं बांग्लादेश गया हूं, मैं नेपाल गया हूं, और मुझे वहां घर जैसा महसूस हुआ. मुझे ऐसा नहीं हीं लगता कि मैं किसी विदेशी जमीन पर हूं.
आगे पित्रोदा ने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं से जो भी अपील की है, उन्हें राहुल के साथ पूरी तरह से खड़ा होना चाहिए और उनकी आवाज में आवाज मिलाकर देश के लोकतंत्र की रक्षा करनी चाहिए. एक दिन पहले राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने को लेकर बड़ा खुलासा करने का दावा किया था. उसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक कमेंट किया. इसमें उन्होंने लिखा कि देश के युवा, देश के छात्र, और देश की जेन जी, संविधान को बचाएंगे और लोकतंत्र की रक्षा करेंगे. उन्होंने लिखा कि वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे.
भाजपा ने उनके इस कमेंट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी पड़ोसी देशों की तरह यहां भी “अराजकता” फैलाना चाहते हैं. पार्टी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, “राहुल गांधी प्रजातंत्र के लिए खतरा हैं. राहुल देश के युवाओं को विकास और आर्थिक वृद्धि में साझीदार बनते देख ईर्ष्या करते हैं, क्योंकि वह अपने आप को हकदार राजवंश मानते हैं. राहुल अपने “घुसबैठिया बचाओ” अभियान के जरिए युवाओं को भड़काना चाहते हैं. वह भारत विरोधी ताकतों के पोस्टर बॉय हैं!राहुल का रिमोट सीमा पार है! देश को राहुल के खतरनाक नापाक इरादों से सावधान रहना चाहिए.”










