गुरुवार रात एशिया कप ग्रुप-बी के फाइनल मैच में श्रीलंका द्वारा अफगानिस्तान पर छह विकेट से जीत हासिल करने के कुछ ही देर बाद 22 वर्षीय ऑलराउंडर दुनीथ वेलालगे को अपने पिता के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा. उनके पिता सुरंगा वेलालगे का निधन कथित तौर पर उस समय हुआ जब उनका बेटा अबू धाबी में अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप ग्रुप बी का मैच खेल रहा था.
वेलालगे के पिता का हुआ निधन
वेलालगे को अपने पिता के निधन की खबर मैच के बाद मिली, जिसमें श्रीलंका ने छह विकेट से जीत हासिल कर सुपर 4 चरण में अपराजित रहते हुए प्रवेश किया. ईएसपीएनक्रिकइन्फो के अनुसार, मैच समाप्त होने के तुरंत बाद वे घर के लिए रवाना हो गए. अपने घर में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद टूर्नामेंट में उनके आगे खेलने पर संदेह के बादल छा गए हैं, क्योंकि श्रीलंका को 20 सितंबर को बांग्लादेश, 23 सितंबर को पाकिस्तान और 26 सितंबर को भारत के खिलाफ खेलना है.











