देहरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उत्तराखंड का दौरे किया. इस दौरान पीएम मोदी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उत्तराखंड में आपदा से हुये नुकसान की समीक्षा बैठक की. समीक्षा के बाद पीएम मोदी ने उत्तराखंड के बाढ़ और बारिश से प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1200 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की.
सीएम धामी ने जताया आभार
उत्तराखंड आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए राहत पैकेज की घोषणा के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करता हूं. उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदा से निपटने में राज्य सरकार पूरी क्षमता के साथ प्रयास कर रही है, इस कार्य में पहले ही दिन से ही केंद्र सरकार का सहयोग मिल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं उत्तराखंड आकर, आपदा पीड़ितों का दुःख-दर्द साझा किया है. राज्य के प्रति आत्मीयता व संवेदनशीलता के लिए प्रधानमंत्री जी का बहुत-बहुत आभार.
उत्तराखंड में बड़ी आपदाएं आई हैं: बता दें कि इस साल उत्तराखंड के अनेक जिलों में आपदा आई है. सबसे पहले 5 अगस्त को उत्तरकाशी जिले के धराली में खीरगंगा गाड़ से आपदा आई थी. खीरगंगा में आई बाढ़ अपने साथ बड़े-बड़े बोल्डर, पेड़ और मलबा लाई थी. मलबे और बाढ़ ने धराली गांव और आसपास के इलाकों को तहस-नहस कर दिया था. मलबे के नीचे धराली बाजार के सभी होटल, दुकानें और घर दब गए थे. ये कहें कि धराली बाजार पूरी तरह नष्ट हो गया तो अतिशयोक्ति नहीं होगी. अभी भी बड़ी संख्या में लापता हुए लोगों का पता नहीं चला है.










