नई दिल्ली: द्रौपदी मुर्मू ने उपराष्ट्रपति पद के लिए नवनिर्वाचित चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन को आज पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. राष्टपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत पूरा मंत्रिमंडल मौजूद रहा. वहीं, समारोह से पहले, कई राजनीतिक नेता कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देर रात दिल्ली पहुंचे. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हैं. बता दें, एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन मंगलवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति चुने गए. उन्हें 452 वोट मिले, जबकि विपक्षी उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले.
राष्ट्रपति ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.
इस्तीफे के बाद पहली बार नजर आए जगदीप धनखड़
धनखड़ भी इस समारोह में शामिल हुए। उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद यह उनकी पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और वेंकैया नायडू भी समारोह में मौजूद थे।











