नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इन दिनों क्रिकेट के मैदान से बाहर चल रहे हैं. वो भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में उन्होंने बड़ा बयान दिया है. जो चारों ओर सुर्खियों की वजह बन गया है. शमी ने एक निजी चैनल से बात करते हुए अपने संन्यास के साथ-साथ अन्य कई मुद्दों पर खुलकर बात की है.
शमी ने अपने सपने को लेकर खोला राज
मोहम्मद शमी ने अपने क्रिकेट करियर के दौरान देखे गए सपने को लेकर कहा, ‘मेरा बस एक ही सपना बचा है, वो है वनडे विश्व कप जीतना. 2023 में हम बहुत करीब थे. हमें अंदर से आभास था, लेकिन नॉकआउट चरण में डर भी था. फैंस के उत्साह और विश्वास ने हमें प्रेरित किया. हो सकता है कि तब मेरी किस्मत में यह नहीं था लेकिन मैं 2027 विश्व कप में वहां पहुंचना चाहता हूं’.
मोहम्मद शमी ने संन्यास पर तोड़ी चुप्पी
मोहम्मद शमी ने टीम में अपने संन्यास को लेकर कहा आगे कहा कि, ‘अगर किसी को दिक्कत है तो मुझे बताइए, क्या मेरे रिटायरमेंट लेने से उनकी जिंदगी बेहतर हो जाएगी. बताइए मैं किसकी जिंदगी का पत्थर बन गया हूं, जो आप चाहते हैं कि मैं रिटायर हो जाऊं. जिस दिन मैं बोर हो जाऊंगा, मैं क्रिकेट छोड़ दूंगा. आप मुझे मत चुनिए लेकिन मैं कड़ी मेहनत करता रहूंगा. आप मुझे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मत चुनिए मैं घरेलू क्रिकेट खेलता रहूंगा. मैं कहीं न कहीं खेलता रहूंगा. आपको ये फैसले तब लेने पड़ते हैं जब आप बोर होने लगते हैं. अभी मेरे लिए वो समय नहीं है’.
मोहम्मद शमी ने अपने टीम इंडिया में चयन पर कहा, ‘मैं चयन न होने के लिए किसी को दोषी नहीं ठहराता और न ही इसकी शिकायत करता हूं. अगर मैं टीम के लिए सही हूं तो मुझे चुनिए. अगर नहीं तो कोई बात नहीं. चयनकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ करें. जब मुझे मौका मिलेगा, मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा, मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं’.











